खरगोन-बड़वानी

बड़वानी में युवा संवाद के दौरान प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने विद्यार्थियों का बढ़ाया आत्मविश्वास

कला संकाय के विद्यार्थियों से की चर्चा, शैक्षणिक और करियर संबंधी जिज्ञासाओं का किया समाधान

जनोदय पंच। शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार युवा संवाद गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने कला संकाय के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक, करियर संबंधी और भविष्य की संभावनाओं से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें विद्यार्थी

युवा संवाद में प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि और शैक्षणिक एवं व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। युवाओं से सतत संवाद उनकी जिज्ञासाओं को समझने, क्षमताओं को पहचानने और आत्मविश्वास को दृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षा उत्तीर्ण करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। यह स्वयं को पहचानने, प्रतिभा विकसित करने और भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य तय कर अनुशासन, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का किया समाधान

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्राचार्य के समक्ष विभिन्न शैक्षणिक, करियर संबंधी और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े प्रश्न रखे। डॉ. पंडित ने विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुना और उनके प्रश्नों का सहजता से समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने, समय का सदुपयोग करने तथा उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बिना संकोच अपनी बात रखनी चाहिए और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।

प्राध्यापक और विद्यार्थी रहे उपस्थित

इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बी.एस. मुजाल्दा, प्रो. दिलीप पाटीदार, डॉ. गीतांजलि, डॉ. सुनीता सोलंकी, डॉ. ओमना सेनानी और ग्रंथपाल अधिकारी डॉ. स्नेहलता मंडलोई सहित कला संकाय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी प्राध्यापकों ने संवाद की इस पहल को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और शैक्षणिक उन्नयन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

डॉ. अनिल पाटीदार के संयोजन में हुआ आयोजन

कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल पाटीदार के संयोजन में किया गया। उन्होंने युवा संवाद की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाओं के समाधान के लिए शिक्षकों और महाविद्यालय प्रबंधन से निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राजाराम मुवेल ने अतिथियों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. लखन परमार ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!