ऑपरेशन हवालात के तहत वरला पुलिस की बड़ी सफलता, तीन वर्षों से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना वरला पुलिस ने फरार वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

बड़वानी। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिलेभर में संचालित ‘ऑपरेशन हवालात’ के अंतर्गत स्थाई एवं फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के पर्यवेक्षण में थाना वरला पुलिस ने तीन वर्षों से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
थाना प्रभारी नारायण रावल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना एवं सतत प्रयासों के आधार पर थाना वरला के प्रकरण क्रमांक 160/2023 (आरसीटी क्रमांक 490/2022) में विगत तीन वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी जाय सिंह उर्फ खपाड़िया पिता जैमाल बारेला, निवासी चिखली को 05 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय में किया पेश
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध छेड़छाड़ से संबंधित प्रकरण में न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को न्यायालय सेंधवा के समक्ष पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायण रावल, उप निरीक्षक महेंद्र सिंह चौहान, आरक्षक राजवीर सिंह जादौन, आरक्षक शैतान सिंह एवं आरक्षक सतीश राणसोरे की सराहनीय भूमिका रही। बड़वानी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फरार एवं वारंटी अपराधियों के संबंध में कोई भी सूचना निकटतम पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।



