बड़वानी; युवा शक्ति बनेगी ग्राम विकास की आधारशिला: आदर्श महाविद्यालय में ‘हर ग्राम–एक काम’ सांसद अभियान का क्रियान्वन”

बड़वानी। ग्राम करी में स्थित शासकीय आदर्श महाविद्यालय, बड़वानी में मंगलवार को माननीय सांसद महोदय के विशेष जनभागीदारी अभियान “हर ग्राम–एक काम” के अंतर्गत विद्यार्थियों को ग्राम विकास एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया गया कि गांव केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। यदि युवा शक्ति गांवों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाए, तो आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से सांसद अभियान “हर ग्राम–एक काम” प्रारंभ किया गया है।
अभियान के अंतर्गत विद्यार्थी ग्राम स्वच्छता, शिक्षा, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता जैसे विभिन्न सामाजिक कार्यों में सहभागिता कर सकेंगे। साथ ही उन्हें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना के विकास का अवसर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में अभियान के सफल संचालन हेतु डॉ. दिनेश पाटीदार को समन्वयक तथा डॉ. अनिल पाटीदार को संयोजक नियुक्त करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। यह टीम महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने एवं बड़वानी जिले के विभिन्न गांवों तक योजना का प्रभावी विस्तार करने का कार्य करेगी।
विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि अभियान से जुड़ने वाले युवाओं को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान एवं ग्राम विकास में सक्रिय सहभागिता के आधार पर “विकासदूत” के रूप में सम्मानित किया जाएगा। उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। उल्लेखनीय कार्य करने वाले विद्यार्थियों को माननीय सांसद महोदय के विशेष जनहित एवं विकास अभियानों, विकास यात्राओं तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों में सहभागी बनने का अवसर भी प्राप्त होगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने जिले के समस्त विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान से जुड़कर 3 जून से 8 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से अपना पंजीयन कराएं तथा ग्रामहित, समाजहित एवं राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देंवे
। इस अवसर पर डॉ राजाराम मुवेल डॉ आकाश एसके डॉ लखन परमार डॉ रितेश भावसार आदि उपस्थित रहे।




