वरला में जहरीली शराब बनाने की साजिश नाकाम, 936 लीटर अवैध स्प्रिट के साथ आरोपी गिरफ्तार
वरला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ग्राम चिखली में दबिश देकर चार ड्रमों में भरी स्प्रिट जब्त

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण की साजिश को नाकाम करते हुए 936 लीटर अवैध जहरीली स्प्रिट जब्त की है। ग्राम चिखली में की गई कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मादक पदार्थ और अवैध हथियारों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वरला थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की दबिश
18 जून 2026 को थाना प्रभारी वरला को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चिखली के बामनिया फलिया में एक व्यक्ति अपने घर के पीछे बनी टपरी में भारी मात्रा में अवैध और जहरीली स्प्रिट छिपाकर रखा हुआ है, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जाना था। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और मौके पर रवाना किया गया।
936 लीटर स्प्रिट बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके से प्रकाश पिता जगन निवासी ग्राम चिखली को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान टपरी से चार नीले रंग के प्लास्टिक ड्रमों में भरी कुल 936 लीटर अवैध जहरीली स्प्रिट बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना वरला में आबकारी अधिनियम की धारा 34 एवं 49(ए) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अवैध स्प्रिट के मुख्य स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगी जा रही है ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वरला निरीक्षक नारायण रावल, सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र चौहान, सहायक उपनिरीक्षक मनीष श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक दीपक, आरक्षक वीपे सिंह तथा आरक्षक अरविंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम की सराहना की गई।



