खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल सतर्कता का दिया गया प्रशिक्षण

सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को साइबर अपराध, यातायात नियम, बाल सुरक्षा और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की दी जानकारी।

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत बड़वानी पुलिस ने सेंट मेरी हायर सेकेंडरी स्कूल में साइबर जागरूकता शिविर आयोजित किया। विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा, यातायात नियम, बाल सुरक्षा और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई।

बड़वानी। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिलेभर में 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 जून 2026 को सेंट मेरी हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़वानी में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

   

ऑनलाइन ठगी से बचाव और यातायात नियमों की दी जानकारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के साथ यातायात नियमों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चे वाहन न चलाएं तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों से लर्निंग लाइसेंस बनवाने की अपील की। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी प्रकार की एपीके फाइल डाउनलोड या ओपन नहीं करने तथा बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करते हुए मोबाइल से उचित दूरी बनाकर पढ़ाई, कौशल विकास और उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान देने का आह्वान किया।

साइबर हेल्पलाइन और बाल सुरक्षा की दी जानकारी

जिले के साइबर एक्सपर्ट रितेश खत्री ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों की कम जानकारी का फायदा उठाकर डराने, झूठे प्रलोभन देने अथवा रातों-रात अमीर बनने का लालच देकर ठगी करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें। कार्यक्रम के दौरान काउंसलर अनीता चोयल ने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

साइबर सुरक्षा की दिलाई शपथ

बड़वानी पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर चौपाल, जागरूकता शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई, साइबर जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग के पीआरओ सउनि उप निरीक्षक अशद खान, काउंसलर अनीता चोयल, आरक्षक कमल, मडिया, पुरुषोत्तम, विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। अंत में बड़वानी पुलिस ने संदेश दिया कि “सुरक्षित क्लिक करें, सतर्क रहें, सजग रहें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।”

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!