बड़वानी पुलिस ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज कीं, विशेष प्रशिक्षण शिविर में सेवाभाव और सुरक्षा पर जोर
बड़वानी में सिंहस्थ-2028 के लिए पुलिस बल का विशेष प्रशिक्षण शुरू, यातायात, महिला सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर फोकस

जनोदय पंच। सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के तहत बड़वानी पुलिस ने छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के पंचम सत्र की शुरुआत की। प्रशिक्षण में यातायात, महिला सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और प्रभावी संवाद कौशल पर विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
बड़वानी। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले वैश्विक आस्था के केंद्र सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बड़वानी पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 29 जून 2026 को जिला मुख्यालय पर छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के पंचम सत्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जिले के 50 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

‘विनम्र पर सख्त’ रहने का दिया संदेश
प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि सिंहस्थ एक विशाल और ऐतिहासिक सांस्कृतिक पर्व है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु और संत-महात्मा शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दृष्टि से महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़वानी जिला महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग होगा। ऐसे में यात्रियों की सहायता, सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रहना होगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों से शांति, सेवाभाव, सजगता और सहनशीलता के साथ कर्तव्य निभाने तथा “विनम्र पर सख्त” रहने का संदेश दिया।

भीड़ नियंत्रण से सॉफ्ट स्किल्स तक मिलेगा प्रशिक्षण
विशेष प्रशिक्षण शिविर में भीड़ नियंत्रण एवं वीआईपी प्रबंधन, सुगम यातायात एवं आपदा प्रबंधन, महिला श्रद्धालुओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा, तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ शालीनता, सेवाभाव और सहानुभूतिपूर्ण संवाद स्थापित करने के लिए सॉफ्ट स्किल्स पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आगामी सिंहस्थ महापर्व की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को विभिन्न परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार किया जा रहा है।
टीओटी मॉडल से पूरे पुलिस बल को मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम की विशेषता टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ द ट्रेनर्स) मॉडल है। इसके तहत वर्तमान सत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 50 अधिकारी एवं कर्मचारी आगे चलकर मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे और विभाग द्वारा तैयार प्रशिक्षण कैलेंडर के अनुसार जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, निरीक्षक पुष्पकरण मुवेल, निरीक्षक रमेश प्रसाद तिवारी, सूबेदार अलका वास्केल और उषा सिसोदिया सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को सेवाभाव, सजगता और सहनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।



