खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में ई-लर्निंग सेंटर और ऑनलाइन परीक्षा केंद्र की मांग पर छात्रों का प्रदर्शन, सड़क पर उतरे विद्यार्थी

एनटीए, एमपीपीएससी और एमपीईएसबी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र शुरू करने की मांग, विद्यार्थियों ने प्राचार्य को सौंपा लिखित आवेदन

जनोदय पंच। बड़वानी के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक महाविद्यालय में ई-लर्निंग सेंटर और एनटीए, एमपीपीएससी, एमपीईएसबी ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा केंद्र शुरू करने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्राचार्य से लिखित मांग कर जल्द सुविधा शुरू करने की मांग की।


ई-लर्निंग सेंटर और परीक्षा केंद्र की मांग को लेकर प्रदर्शन

बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक महाविद्यालय में ई-लर्निंग क्लासेज एवं ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा सेंटर शुरू करने की मांग को लेकर गुरुवार को विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। एसबीएन पीजी कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पुराने कलेक्ट्रेट परिसर से विशाल रैली निकाली और कॉलेज पहुंचकर सड़क जाम करते हुए धरना दिया। विद्यार्थियों ने प्राचार्य को लिखित आवेदन सौंपकर परीक्षा केंद्र शुरू करने की मांग रखी।


इंदौर, धार और खंडवा जाने की मजबूरी बता रहे विद्यार्थी

विद्यार्थियों का कहना है कि बड़वानी में ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा केंद्र की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें एनटीए, एमपीपीएससी और एमपीईएसबी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए इंदौर, धार और खंडवा जाना पड़ता है। छात्रों ने मांग की कि कॉलेज में उपलब्ध ई-लर्निंग सेंटर को जल्द शुरू कर ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सेंटर बनाया जाए, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके।


वर्ष 2022 में ई-लर्निंग सेंटर शुरू करने की हुई थी घोषणा

विद्यार्थियों ने बताया कि वर्ष 2022 में तत्कालीन उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने एसबीएन पीजी कॉलेज में ई-लर्निंग सेंटर शुरू करने की घोषणा की थी। छात्रों का कहना है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी ई-लर्निंग सेंटर शुरू नहीं हो सका है। विद्यार्थियों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जल्द से जल्द सेंटर चालू करने की मांग की।


रैली के दौरान पुलिस बल रहा तैनात

पुराने कलेक्ट्रेट परिसर में सभा के बाद विद्यार्थियों की रैली तिरछी बलिया, झंडा चौक, रंजीत चौक, एमजी रोड और कारंजा चौक से होकर गुजरी। इसके बाद विद्यार्थियों ने कॉलेज पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन और एसडीओपी महेश सुनैना पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।


मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरना-प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि ई-लर्निंग सेंटर और ऑनलाइन परीक्षा केंद्र जल्द शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा विभाग और शासन से इस विषय पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की। इस दौरान एबीवीपी एवं अन्य संगठनों के बीच विवाद की स्थिति भी देखने को मिली।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!