बड़वानी। पीएमश्री हाई स्कूल बड़वानी में ‘सक्षम’ कार्यक्रम का आयोजन; डीपीसी लीना यादव ने किया गतिविधियों का अवलोकन
कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को 'बचो और बचाओ' थीम पर दिया गया आत्म-सुरक्षा एवं जागरूकता का प्रशिक्षण

बड़वानी। शासकीय पीएमश्री शासकीय उच्च विद्यालय, बड़वानी में ‘सक्षम’ कार्यक्रम के अंतर्गत विविध शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना समन्वयक (DPC) श्रीमती लीना यादव ने विशेष रूप से उपस्थित होकर संचालित गतिविधियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
यह पूरा आयोजन कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं के लिए “बचो और बचाओ” थीम पर आधारित रहा। इसमें खेल-खेल के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन के विभिन्न महत्वपूर्ण आयामों से अवगत कराया गया। सत्र के दौरान बच्चों को विषम परिस्थितियों और आपातकालीन समय में 112 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करने की व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके साथ ही मुसीबत में पड़ने पर अपने दोस्तों, माता-पिता, रिश्तेदारों और पुलिस से सही समय पर कैसे मदद प्राप्त की जाए, इस पर विस्तार से चर्चा की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में संस्था के प्रधान पाठक श्री सियाराम मोरे, सक्षम प्रभारी श्रीमती बबीता चौहान, सहायक सक्षम प्रभारी श्रीमती शबाना खान तथा श्री ललित सोनी सहित स्कूल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

विद्यार्थियों को ‘सक्षम नोट-बुक’ का वितरण
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती लीना यादव ने कक्षा 6ठीं के 60 प्रतिभावान विद्यार्थियों को “सक्षम नोट-बुक” प्रदान कर प्रोत्साहित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को लगन से पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं ज्ञापित कीं।




