जुलवानिया में विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियां तेज, 10 अगस्त को निकलेगी भव्य बाइक रैली और चल समारोह
जयस संगठन की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय, जुलवानिया मंडल के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र और जिम्मेदारियां सौंपी गईं

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के जुलवानिया में जयस संगठन की बैठक में 10 अगस्त को साप्ताहिक विश्व आदिवासी दिवस पर जुलवानिया, औझर और बालसमुद क्षेत्र में भव्य बाइक रैली एवं सांस्कृतिक चल समारोह निकालने का निर्णय लिया गया। बैठक में नई मंडल कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
जुलवानिया (बड़वानी) में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल परिसर में ब्लाक जयस संगठन की सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व जयस ब्लाक अध्यक्ष रवि चौहान और जयस शीर्ष नेतृत्व एड. मनोज मुजाल्दे ने किया। इसमें जुलवानिया, औझर और बालसमुद क्षेत्र के सैकड़ों जयस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 10 अगस्त को साप्ताहिक विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बाइक रैली और सांस्कृतिक चल समारोह की रूपरेखा तय
बैठक में रवि चौहान और एड. मनोज मुजाल्दे ने कहा कि समाज के युवाओं को जल, जंगल, जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज पर बढ़ते शोषण-अत्याचार तथा संवैधानिक हक और अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा।
निर्णय के अनुसार 10 अगस्त को जयस संगठन के नेतृत्व में पारंपरिक वेशभूषा के साथ सांस्कृतिक चल समारोह एवं बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली कादवी फाटा से प्रारंभ होकर रूई, भोरवाड़ा, औझर, बालसमुद, पानवा फाटा, गोंवा घाटी और इंदौर बायपास होते हुए जुलवानिया पहुंचेगी। यहां विभिन्न गांवों की जयस टीम शामिल होगी। इसके बाद रैली पुलिस थाना, गायत्री मंदिर चौराहा और बस स्टैंड से होते हुए भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल पहुंचेगी, जहां माल्यार्पण, चाय-नाश्ता और जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

जुलवानिया मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन
बैठक के दौरान जयस संगठन के सदस्यता अभियान के तहत जुलवानिया मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें पवन बघेल को मंडल अध्यक्ष, सुनिल कंनोजे को मंडल उपाध्यक्ष, मुकेश डावर को मंडल कार्यकारी अध्यक्ष, मनिष मुजाल्दे को मंडल प्रभारी, विकास मोरे को मंडल महासचिव, दुर्गेश किराड़े को मंडल सचिव, संदीप मोरे को मंडल मीडिया प्रभारी, निहाल सिंह भाबर को मंडल महामंत्री, जितेन्द्र वास्कले को मंडल सह सचिव तथा सुनिल जमरे को मंडल कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
राजपुर जयस ब्लाक अध्यक्ष रवि चौहान और जयस शीर्ष नेतृत्व एड. मनोज मुजाल्दे ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए तथा पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति
बैठक में अखिलेश मुजाल्दे, विनोद मुजाल्दे, आकाश कंनोजे, अजय किराड़े, रायसिंह बघेल, ओम जमरे, दिनेश चौहान, गौतम बामनिया, अनिल बघेल, मनिष मंडलोई, छोटु रावत, मुकेश चौहान सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



