बड़वानी; भाजपा की जिला बैठक संपन्न, आगामी विधानसभा चुनाव में चारों सीटें जीतने का लिया संकल्प

बड़वानी: भारतीय जनता पार्टी की मासिक जिला बैठक शुक्रवार को दोपहर 1 बजे स्थानीय भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजय यादव ने की। मंच पर जिला महामंत्री सचिन चौहान और महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अंजना पटेल मौजूद रहीं।
बैठक का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

बूथ स्तर तक पहुंचने के निर्देश: अजय यादव
जिला अध्यक्ष अजय यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ता हैं, इसलिए सामाजिक, धार्मिक और रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता से लगातार जुड़े रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार की जनहितैषी योजनाओं के लाभार्थियों से मिलकर संवाद करें।
अजय यादव ने कहा कि पीएम मोदी के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे कार्यक्रमों को केवल मंडल स्तर पर औपचारिकता निभाकर पूरा नहीं करना है, बल्कि इन्हें बूथ स्तर और गांव-गांव तक ले जाना है। उन्होंने 21 जून का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की पुण्यतिथि है और इसी दिन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी है। पीएम मोदी कोई भी तारीख ऐसे ही नहीं चुनते।

चारों विधानसभा जीतना प्रमुख लक्ष्य: बाबूलाल यादव
जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल यादव ने कहा कि जो कार्यकर्ता केवल औपचारिकता निभा रहे हैं, वे संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और ईमानदारी से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेरा एक ही लक्ष्य है कि हम सब मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव में बड़वानी जिले की चारों विधानसभा सीटें जीतें।
उन्होंने संगठन संरचना में मंडल अध्यक्ष के पद को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और जिला संगठन के बाद मंडल अध्यक्ष संगठन का चौथा स्तंभ है। बैठक में उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से वन टू वन चर्चा कर मंडल में हुए कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
13 जून को युवा सम्मेलन
बैठक में पीएम मोदी के 12 साल “विकास, विश्वास और कल्याण” विषय पर कार्यक्रम के जिला संयोजक व जिला मंत्री रविन्द्र कुलकर्णी ने वृत्त प्रस्तुत कर पूरी जानकारी साझा की। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अमित शर्मा ने बताया कि युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर 13 जून शनिवार को पहली बार जिले के दौरे पर आएंगे। शाम 6 बजे बड़वानी आगमन होगा और शाम 7 बजे भाजपा जिला कार्यालय पर युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सभी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में पहुंचने का आह्वान किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान
इस अवसर पर नवनिर्वाचित भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शिखा अग्रवाल और जिला सोशल मीडिया प्रभारी नवीन गुप्ता का अतिथियों द्वारा भाजपा का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। संगठन गीत की प्रस्तुति जीतू यादव खरडी ने दी।
बैठक में जिला पदाधिकारी, सभी मोर्चों के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी सहित बड़ी संख्या में अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



