बड़वानी में डंपर चालक की दबंगई, कार को टक्कर के बाद महिला अधिकारी को दी धमकी
बिना नंबर प्लेट वाले डंपर से हादसा, चालक और मालिक पर दर्ज हुई एफआईआर

बड़वानी में कलेक्टर निवास के समीप शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक पर जल संसाधन विभाग की अधिकारी से अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने डंपर चालक और मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरियादी भगतसिंह रावत अपनी भतीजी भाग्यश्री और बहन ललिता रावत के साथ अंजड़ रोड की ओर जा रहे थे। शाम करीब 6 बजे पीछे से आए बिना नंबर प्लेट और बिना साइड ग्लास वाले डंपर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार क्रमांक एमपी-13-सी-9774 को टक्कर मार दी। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई।

महिला अधिकारी से अभद्रता का आरोप
घटना के बाद जल संसाधन विभाग का स्टाफ मौके पर पहुंचा। विभाग की अधिकारी नेहा शर्मा ने चालक को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने अभद्रता करते हुए कहा कि सामने से हट जाओ, नहीं तो मैं सबको उड़ाते हुए निकल जाऊंगा। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
डंपर मालिक पर भी आरोप
शिकायत के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर डंपर मालिक सतीश गुर्जर मौके पर पहुंचा और चालक को वहां से फरार करा दिया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि डंपर के भीतर से शराब की खाली बोतल बाहर फेंकी गई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बड़वानी थाना पुलिस ने डंपर चालक और मालिक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 351(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जांच एएसआई कमल मोरे को सौंपी गई है। थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।



