बड़वानी में महिला कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 16 टीमें शामिल, “उत्साह नया – खेलें युवा 2026” से महिला सशक्तिकरण को मिली नई दिशा
पुलिस खेल महोत्सव “उत्साह नया – खेलें युवा 2026” के अंतर्गत महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ

बड़वानी। पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित पुलिस खेल महोत्सव “उत्साह नया – खेलें युवा 2026” युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल बनकर उभर रहा है। इसी श्रृंखला में “प्रथम पुलिस प्रीमियर लीग (PPL)” के अंतर्गत जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ आज दिनांक 18 अप्रैल 2026 को शुभम् पैलेस, बड़वानी में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री निर्मला भूरिया (मंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन) एवं विशेष अतिथि के रूप में श्री अजय यादव (जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, बड़वानी) उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर द्वारा मुख्य एवं विशेष अतिथियों को प्लांट एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक एवं खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं (विज्ञान समूह) में प्रदेश में 7वां एवं जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा उमामा मंसूरी
कक्षा 10वीं में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा महक गोले
दोनों छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा ₹10,000-₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही, वेटलिफ्टिंग में 320 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता राष्ट्रीय खिलाड़ी सुनीता काग एवं हॉकी की राष्ट्रीय खिलाड़ी स्नेहा दाऊदे को ट्रैकसूट भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि द्वारा खेल ट्रॉफी का किया गया अनावरण
मुख्य अतिथि द्वारा टास उछलकर प्रथम मैच बड़वानी व पाटी की टीमों के बीच खेला गया प्रतियोगिता में जिले के 16 थाना क्षेत्रों की 16 टीमें भाग ले रही हैं। प्रथम दिवस पर 8 टीमों के मध्य मुकाबले आयोजित किए गए। थाना जुलवानिया, पानसेमल, बड़वानी एवं वरला की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमी फाइनल व फाइनल मैच दिनांक 20.04.2026 को खेले जाएंगे। मुख्य अतिथि द्वारा कबड्डी मैचों का अवलोकन कर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की गई।

“निर्भय रक्षा शक्ति” का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा “निर्भय रक्षा शक्ति” स्कूटी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन शहर के स्कूल, कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पुलिस विभाग के बच्चों के लिए पुलिस समर कैंप का भी किया गया शुभारंभ

नवाचारों की सराहना
अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि सुश्री निर्मला भूरिया ने पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिले में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन एवं अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने जनजातीय क्षेत्र की खिलाड़ी साक्षी गोंड का उदाहरण देते हुए युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री रतन सिंह गुडिया, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, सूबेदार रजनी भार्गव थाना प्रभारी थाना कोतवाली बड़वानी श्री बलजीत सिंह बिसेन सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, खेल विभाग के अधिकारी प्रिंट मीडिया इलेक्ट्रॉनिक मीडिया व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। जिला पुलिस बड़वानी द्वारा समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं खेल प्रेमियों से अपील की गई है कि वे इस आयोजन में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।



