सेंधवाधर्म-ज्योतिष, समाज

सेंधवा में बड़ी बिजासन माता मंदिर का गर्भगृह 90 किलो चांदी से सजा, 14 कारीगरों ने छह महीने में की नक्काशी, नवरात्रि में शतचंडी महायज्ञ और विशेष पूजा-अर्चना के होंगे आयोजन

जनोदय पंच। मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित मां बड़ी बिजासन माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत घट स्थापना के साथ हुई। गर्भगृह में करीब 90 किलो चांदी का उपयोग किया गया है। दीवारों और स्तंभों पर धार्मिक प्रतीकों की नक्काशी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। पुलिस द्वारा जहां हाईवे पर खड़े होकर श्रद्धालुओं को आने जाने में सहयोग किया जा रहा है, वहीं कतारबद्ध श्रद्धालुओं की व्यवस्था बनाने में भी पुलिसकर्मी तैनात है।

90 किलो चांदी से सजाया गर्भगृह

सेंधवा। मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर नेशनल हाईवे-52 स्थित मां बड़ी बिजासन माता मंदिर में रविवार को शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ हुआ। पहले दिन सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इस बार मंदिर के गर्भगृह को चांदी की नक्काशी से सजाया गया है।

मंदिर समिति के सदस्य मोहन जोशी के अनुसार, गर्भगृह की करीब 400 वर्गफीट दीवार पर चांदी की परत लगाई गई है। दीवारों, स्तंभों और माता के सिंहासन पर बारीक नक्काशी की गई है। इसमें ॐ, त्रिशूल, स्वस्तिक, गदा और खड्ग जैसे धार्मिक प्रतीकों को उकेरा गया है। इस काम को इंदौर के 14 कारीगरों ने करीब छह महीने में पूरा किया। जोशी के मुताबिक, इस्तेमाल की गई चांदी की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है।

घट स्थापना के साथ शतचंडी महायज्ञ शुरू

मंदिर में रविवार सुबह 9:20 बजे घट स्थापना के साथ शतचंडी महायज्ञ शुरू हुआ। नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में नौ कुंडीय हवनात्मक शतचंडी महायज्ञ और विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे हवन होगा। 19 अक्टूबर को रात 10 बजे महाअष्टमी हवन आयोजित किया जाएगा। 20 अक्टूबर को सुबह 9 बजे पूर्णाहुति, 10 बजे कन्या पूजन और सुबह 11 बजे से भंडारे का आयोजन होगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं

नवरात्रि के दौरान मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र सहित अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में पार्किंग, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!