जनसंवाद चौपाल: आपकी बात, पुलिस के साथ’; सिलावद पुलिस ने ग्राम पखालिया में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनता से समन्वय और अपराध नियंत्रण के लिए सिलावद पुलिस की बड़ी पहल

पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में जिले में आमजन और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष जनसंवाद कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिलावद पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत पखालिया में एक वृहद *जनसंवाद चौपाल* आयोजित की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को कानून व्यवस्था, विभिन्न प्रकार के अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
साइबर अपराधों से सुरक्षा
थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के प्रति विशेष रूप से सचेत किया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना *ओटीपी (OTP), बैंक खाता नंबर अथवा एटीएम पिन साझा न करें तथा लॉटरी लगने या कम समय में पैसा दोगुना करने जैसे प्रलोभनों से दूर रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल **हेल्पलाइन नंबर 1930* पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
🔷 महिला एवं बाल सुरक्षा(अभिमन्यु अभियान)
महिलाओं एवं बालिकाओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह एवं छेड़छाड़ जैसी घटनाओं के विरुद्ध जागरूक करते हुए निर्भीक होकर शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही *महिला हेल्पलाइन 1090* एवं आपातकालीन सेवा *100/112* की जानकारी दी गई।
🔷 यातायात नियमों का पालन
ग्रामीणों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, तीन सवारी नहीं बैठाने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने की समझाइश दी गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
🔷 नशा मुक्ति का संदेश
सामाजिक बुराइयों एवं अपराधों की जड़ नशे के दुष्प्रभावों से युवाओं एवं ग्रामीणों को अवगत कराया गया। पुलिस ने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने तथा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही विश्वास दिलाया गया कि *सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।*
🔷 ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण
जनसंवाद के दौरान ग्राम पंचायत पखालिया के ग्रामीणों ने गांव में पुलिस गश्त बढ़ाने एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग रखी। इस पर थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है तथा प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आपकी मित्र है
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय को मजबूत करना है, जिससे प्रत्येक नागरिक बिना किसी भय के अपनी शिकायत एवं सुझाव पुलिस तक पहुंचा सके।
इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पखालिया के सरपंच, पंचगण, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा साथी एवं थाना सिलावद का पुलिस बल उपस्थित रहा।



