बड़वानी जिले में बकरीद और अन्य त्योहारों को लेकर शांति समिति बैठक, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक, कानून व्यवस्था और सौहार्द बनाए रखने पर जोर

जनोदय पंच।आगामी ईद-उल-अजहा और अन्य त्योहारों को लेकर बड़वानी जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, जुलूस मार्ग, यातायात, सुरक्षा और सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शांति और सौहार्द बनाए रखने पर जोर
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित बैठकों में संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, तहसीलदार, नगर निकाय अधिकारी, विद्युत विभाग के प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान त्योहारों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने जुलूस मार्ग, समय निर्धारण, यातायात व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
अफवाहों से बचने की अपील
अधिकारियों ने आमजन से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, आपसी भाईचारा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने की समझाइश दी गई।

विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों के दस्तावेज पूर्ण रखने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा ओवरलोडिंग नहीं करने की समझाइश भी दी गई।
पुलिस ने सहयोग की अपील की
बड़वानी पुलिस ने नागरिकों से आगामी ईद-उल-अजहा और अन्य त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर देने को कहा।



