खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में नीट 2026 पुनर्परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी पद्मविलोचन शुक्ल ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

21 जून को 11 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, सुरक्षा, निगरानी और कानून-व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम

 बड़वानी में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की समीक्षा

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा के मद्देनजर 19 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर परीक्षा संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी बहुस्तरीय

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ सशस्त्र बल तथा महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। परीक्षा सामग्री एवं प्रश्न-पत्र परीक्षा प्रारंभ होने तक कड़ी पुलिस सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखे जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए महिला स्टाफ द्वारा सुरक्षित एवं गोपनीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

कंट्रोल रूम से होगी सतत निगरानी

जिले के सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। इनकी मॉनिटरिंग जिला स्तर पर बनाए गए विशेष कंट्रोल रूम से की जाएगी। परीक्षा दिवस पर केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण, सुचारू यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस टीमें भी तैनात रहेंगी।

सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा पर जोर

पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि बड़वानी पुलिस का उद्देश्य सभी परीक्षार्थियों को सुरक्षित, शांत और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस तथा परीक्षा केंद्र प्रभारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है ताकि परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीएम बड़वानी भूपेंद्र रावत, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, थाना प्रभारी यातायात रजनी भार्गव, सूबेदार अलका वास्केल सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!