सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने मैदान में उतरे पुलिस अधिकारी, ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का किया निरीक्षण
एबी रोड के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का बड़वानी पुलिस ने लिया जायजा, सड़क सुरक्षा के लिए बनेगी विशेष रणनीति

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। एबी रोड स्थित दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का किया गया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे ने एबी रोड स्थित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा मानकों, यातायात व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, दृश्यता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण निरीक्षक ओम प्रकाश चोंगड़े एवं चौकी प्रभारी बिजासन उपनिरीक्षक रोहित पाटीदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, गति नियंत्रण के उपाय सुनिश्चित करने तथा आवश्यक यातायात संकेतक लगाने के निर्देश दिए।
जागरूकता और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्ययोजना भी तैयार की गई है। इसमें चेतावनी एवं दिशा संकेतक बोर्ड लगाना, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाना, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना शामिल है।
बड़वानी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।



