सेंधवा; लड़का-लड़की के भागने के मामले में ढाई लाख की मांग, दो लोगों को रातभर बंधक बनाकर प्रतााड़ित करने का आरोप
समझौता और तोड़ी के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई कर पीड़ितों को मुक्त कराया।
जनोदय पंच। सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के जामपाटी गांव में लड़का-लड़की के चले जाने के मामले में समझौते के नाम पर ढाई लाख रुपये की मांग कर दो लोगों को बंधक बनाकर रखने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़ितों को मुक्त कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में समझौते के नाम पर अवैध वसूली पर पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी अजय वाघमारे के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में समझौता और तोड़ी के नाम पर अवैध वसूली करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान 28 मई 2026 को थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली कि जामपाटी निवासी एक व्यक्ति की बालिग लड़की अपनी मर्जी से जामनिया गांव निवासी एक व्यक्ति के लड़के के साथ चली गई है। मामले में 27 जून 2026 को जामपाटी गांव के कुछ लोगों ने जामनिया गांव के लोगों को बातचीत के लिए बुलाया था।
ढाई लाख की मांग, नहीं देने पर बनाया बंधक
बातचीत के दौरान लड़के पक्ष से तत्काल ढाई लाख रुपये देने की मांग की गई। रकम नहीं मिलने पर जामपाटी के कुछ लोगों ने जामनिया निवासी चेतन और ओंकार को बंधक बनाकर बैठा लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पैसे नहीं देने तक छोड़ने से इनकार करते हुए गाली-गलौज और धमकियां दीं तथा दोनों को रातभर बंधक बनाकर रखा। डिमानिया और सुखलाल द्वारा 28 जून 2026 को पुलिस को सूचना देने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को मुक्त कराया। पीड़ितों की रिपोर्ट पर रामलाल, गोरेलाल, राकेश भरसिया सहित चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में अन्य लोगों के नाम भी सामने आ रहे हैं, जिनकी पहचान कर प्रकरण में शामिल किया जाएगा।
पुलिस टीम की भूमिका
मामले में एसआई रामचंद्र साँवले, एचसी अभिषेक, आरक्षक अमित, कुलदीप और राकेश की भूमिका सराहनीय रही।



