
इंदौर के लसूडिया में भूमाफिया पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू उर्फ खरगोश सहित चार हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने दो दिन पहले साजिश रची थी। पुलिस ने उनके पास से पिस्टल, कट्टा और मोपेड जब्त किए हैं।
हमले के बाद फरार, अब गिरफ्त में आरोपी
लसूडिया क्षेत्र में 24 सितंबर की शाम भूमाफिया मनोज नागर पर हमला किया गया था। आरोपियों ने विवाद के बाद मनोज नागर पर गोली चला दी थी। पुलिस ने 24 घंटे में एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि मुख्य आरोपी सहित बाकी फरार थे। डीसीपी ने सभी पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। शनिवार रात पुलिस ने चारों को गिरफ्तार किया। भागने के दौरान आरोपी घायल भी हुए।
टीम ने चारों आरोपियों को पकड़ा
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह की टीम ने सोनू उर्फ विनय पुत्र भूमिराज सिंह राठौर निवासी रामकृष्णबाग कॉलोनी, युवराज सोनगरा उर्फ राज बच्चा पुत्र दिनेश सोनगरा निवासी वैभव लक्ष्मीनगर, शुभम पुत्र रमेश खेड़कर निवासी अहिल्या माता कॉलोनी रानी सती गेट और अरविंद पुत्र दयाराम परमार निवासी वैभव लक्ष्मीनगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक कट्टा और एक मोपेड जब्त की।
प्रॉपर्टी विवाद से उपजा हमला
मुख्य आरोपी सोनू ने पूछताछ में बताया कि मनोज नागर के साथ प्रॉपर्टी के काम को लेकर विवाद था। वह मनोज को रास्ते से हटाना चाहता था। इसके लिए उसने अपने साथियों शुभम खेड़कर, युवराज सोनगरा और अरविंद परमार को साथ मिलाया। सभी ने दो दिन पहले अरविंद के घर पर साजिश रची।



