खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरेसेंधवा

सेंधवा-बड़वानी स्टेट हाईवे पर मरम्मत कार्य प्रारंभ, शिकायत के बाद विभाग ने उठाए सख्त कदम

जनोदय पंच। सेंधवा। टोल प्लस एन्युटी योजनांतर्गत निर्मित सेंधवा से व्हाया पलसुद बड़वानी स्टेट हाईवे क्रमांक 39 मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों का मरम्मत कार्य एमपीआरडीसी द्वारा 23 अप्रैल से बड़वानी की ओर से प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही नियमित रखरखाव व नवीनीकरण कार्य के लिए 5.47 करोड़ रुपए की निविदाएं भी 22 अप्रैल को समाचार पत्रों में प्रकाशित हो चुकी हैं। उम्मीद है कि यह कार्य संपन्न होने पर आम जनता को राहत मिलेगी।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता बी.एल. जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त स्टेट हाईवे की बदहाली को लेकर पिछले साढ़े तीन माह से मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री सहित प्रबंध संचालक और मुख्य अभियंता, म.प्र. सड़क विकास निगम तथा कलेक्टर बड़वानी को लगातार पत्र प्रेषित किए जा रहे थे। उन्होंने अवगत कराया था कि टोल प्लस एन्युटी योजनांतर्गत निर्मित सेंधवा से व्हाया पलसुद बड़वानी के 57 किलोमीटर स्टेट हाईवे मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। टोल वसूली के बावजूद अनुबंध के अनुसार कंसेशनायर द्वारा सड़क का रखरखाव नहीं किया जा रहा था, जिससे वाहन चालकों का आवागमन बाधित हो रहा था और दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।

टोल वसूली निलंबित, विभाग ने लिया नियंत्रण

मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत के बाद संभागीय प्रबंधक धार द्वारा कंसेशनायर की टोल वसूली निलंबित करने और कार्य को रिस्क एंड कॉस्ट पर विभाग द्वारा करवाने की अनुशंसा मुख्यालय को भेजी गई। इस हाईवे पर अतिआवश्यक मरम्मत कार्य के लिए 76 लाख रुपए तथा समय-समय पर रखरखाव के लिए 5.47 करोड़ रुपए के प्राक्कलन मुख्यालय को भेजे गए। प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद मुख्य अभियंता (बीओटी) सुनील वर्मा ने 24 मार्च को कंसेशनायर को सूचना पत्र जारी कर अनुबंध के अनुसार कार्य न करने पर नाराजगी जताई और 1 अप्रैल 2026 से टोल वसूली निलंबित करने के आदेश जारी किए।

शिकायत के बाद शुरू हुआ काम

आदेशानुसार 1 अप्रैल से एमपीआरडीसी ने टोल अपने अधिपत्य में ले लिया था। 15 दिन बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने पर बी.एल. जैन ने पुनः मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत भेजी। शिकायत के एक सप्ताह बाद ही मरम्मत कार्य प्रारंभ हो गया। कार्य शुरू होने पर जैन ने मुख्यमंत्री सहित विभागीय अधिकारियों को धन्यवाद पत्र प्रेषित कर आभार जताया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!