जुलवानिया में NH-52 के ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों पर सड़क सुरक्षा अभियान, पुलिस ने लगाए चेतावनी और जागरूकता बोर्ड
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जुलवानिया पुलिस की पहल, वाहन चालकों से यातायात नियमों के पालन की अपील

जनोदय पंच। बड़वानी पुलिस द्वारा NH-52 के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जुलवानिया पुलिस ने चेतावनी संकेतक और जागरूकता बोर्ड लगाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया।
ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का किया निरीक्षण
जिला बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एबी रोड स्थित दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर तथा एसडीओपी राजपुर आयुष अलावा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जुलवानिया निरीक्षक सौरभ बाथम के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-52 पर विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया।

इन स्थानों पर लगाए गए चेतावनी बोर्ड
जुलवानिया पुलिस द्वारा आगलगांव फाटा एबी रोड, आशीर्वाद कट पॉइंट जुलवानिया तथा देवला फाटा से राजहंस होटल कट पॉइंट तक चेतावनी एवं जनजागरूकता बोर्ड लगाए गए। इन स्थानों पर विगत वर्षों में कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं और जनहानि की घटनाएं सामने आई थीं। दुर्घटनाओं की संभावना कम करने और वाहन चालकों को सतर्क करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
वाहन चालकों से की गई अपील
पुलिस द्वारा लगाए गए जनजागरूकता बोर्डों के माध्यम से वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन संचालन से बचने की अपील की गई है। साथ ही ओवरटेकिंग में सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पूर्ण पालन कर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
थाना जुलवानिया पुलिस की इस पहल को सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



