झाकर ट्रस्ट के सात दिव्यांग बच्चों के इंदौर में नि:शुल्क सफल ऑपरेशन किए गए

निवाली स्थित श्री कांता विकलांग सेवा ट्रस्ट झाकर में अध्ययनरत और निवासरत दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित नि:शुल्क ऑपरेशन अभियान के दूसरे चरण में सात बच्चों के सफल ऑपरेशन किए गए।
जिले स्तर पर 7 मार्च 2026 को अस्थिबाधित दिव्यांग बच्चों के लिए नि:शुल्क परीक्षण शिविर आयोजित किया गया था। शिविर का आयोजन श्री कांता विकलांग सेवा ट्रस्ट झाकर, आरोग्य भारती मालवा प्रांत तथा नीमा इंस्टीट्यूट ऑफ आर्थोपेडिक्स एंड रिहैबिलिटेशन ट्रस्ट इंदौर के तत्वावधान में हुआ था। कार्यक्रम में अजजा आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य और सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष बसंतीबाई यादव भी उपस्थित रहे।
40 बच्चों का हुआ चयन
ट्रस्ट अध्यक्ष वल्लभदास अग्रवाल ने बताया कि शिविर में जिलेभर से आए 60 दिव्यांग बच्चों का परीक्षण किया गया था। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने परीक्षण के बाद 40 बच्चों का ऑपरेशन के लिए चयन किया। चयनित बच्चों के ऑपरेशन इंदौर स्थित यूनिक अस्पताल में डॉ. प्रमोद नीमा द्वारा निशुल्क किए जा रहे हैं। ऑपरेशन के दौरान दवाइयों के साथ मरीज और उनके एक परिजन के भोजन की व्यवस्था भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
दूसरे चरण में सात बच्चों के सफल ऑपरेशन
अभियान के प्रथम चरण में पांच दिव्यांग बच्चों के ऑपरेशन किए गए थे। वहीं दूसरे चरण में आश्रम में निवासरत सात बच्चों के सफल ऑपरेशन किए गए। ऑपरेशन के बाद बच्चों की देखरेख ट्रस्ट के पदाधिकारियों और आश्रम प्रबंधन की निगरानी में की जा रही है। ट्रस्ट ने बताया कि शेष चयनित बच्चों के ऑपरेशन भी समय-समय पर कराए जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर जीवन और आत्मनिर्भरता मिल सके।



