बड़वानी में जनसुनवाई में शिकायतों के पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण के एसपी ने दिए निर्देश
पुलिस की साप्ताहिक जनसुनवाई में पारिवारिक, भूमि और लेन-देन विवादों पर सुनवाई आयोजित

बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित सभी थाना परिसरों में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं। लंबित मामलों, पारिवारिक विवाद और भूमि विवाद सहित विभिन्न प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जिले के समस्त थाना परिसरों में एक साथ आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।
विभिन्न प्रकरणों पर हुई सुनवाई
जनसुनवाई के दौरान पारिवारिक विवाद, लेन-देन संबंधी प्रकरण, भूमि विवाद, आपसी रंजिश, मारपीट और लंबित मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। पद्मविलोचन शुक्ल ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और वंचित वर्गों की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा गया। गंभीर मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों से दूरभाष पर जानकारी लेकर मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई।
जवाबदेही और निष्पक्ष जांच के निर्देश
लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष और जवाबदेह जांच के निर्देश दिए गए। पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि “हमारा उद्देश्य ‘देशभक्ति-जनसेवा’ के मूल मंत्र को व्यवहार में उतारना है। प्रत्येक पीड़ित को यह विश्वास होना चाहिए कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसे समय पर न्याय मिलेगा। पुलिस-जन विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।”
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, डीएसपी (अजाक) निलेश्वरी डावर सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



