पलसूद में एसपी शुक्ल का जनसंवाद, साइबर सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग पर दिया जोर
पलसूद में ‘आपकी बात पुलिस के साथ’ कार्यक्रम, वरिष्ठजन सम्मानित, हेलमेट वितरण और जनसुनवाई भी हुई

जनोदय पंच। पलसूद के कुबेर गार्डन में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने “आपकी बात पुलिस के साथ” जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति और यातायात नियमों पर जागरूकता दी गई। वरिष्ठ नागरिकों, ग्राम सुरक्षा समिति सदस्यों का सम्मान कर हेलमेट भी वितरित किए गए।
पुलिस और जनता के बीच संवाद
पलसूद के सिलावद रोड स्थित कुबेर गार्डन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी राजपुर आयुष अलावा, थाना प्रभारी पलसूद निरीक्षक विक्रम सिंह बामनिया, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल और थाना प्रभारी सिलावद उनि रामकृष्ण लोवंशी सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, युवा, छात्र-छात्राएँ, ग्राम सरपंच, पटेल और चौकीदार शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की धरोहर हैं। समाज और कानून व्यवस्था में सहयोग करने वाले ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों का शाल और श्रीफल देकर सम्मान किया गया।

साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर जागरूकता
एसपी ने कहा कि पुलिस और जनता एक-दूसरे के पूरक हैं तथा नागरिकों को पुलिस मित्र बनकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचानी चाहिए। साइबर अपराधों को लेकर उन्होंने “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” का संदेश देते हुए अनजान लिंक और ओटीपी साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 और संबंधित थाने पर सूचना देने की अपील की गई। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए “अभिमन्यु” अभियान और सुरक्षा एप्स की जानकारी दी गई। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया।

यातायात, नशामुक्ति और जनसुनवाई
कार्यक्रम में हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट बांधने, नाबालिगों को वाहन नहीं देने और पीकअप वाहनों के ऊपर नहीं बैठने की अपील की गई। जनसहयोग से हेलमेट वितरण भी किया गया। सीसीटीवी कैमरे लगाने, नशा तस्करों पर कार्रवाई और युवाओं को नशे से दूर रखने पर भी चर्चा हुई। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा संबंधी समस्याएं और सुझाव रखे, जिनके निराकरण के निर्देश मौके पर दिए गए। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता डॉ. राजु पटेल ने किया। थाना प्रभारी विक्रम सिंह बामनिया की भूमिका को सराहनीय बताया गया।




