जुलवानिया के संत सिंगाजी मेले में श्रद्धालुओं की गाड़ियों पर पथराव, 10 से अधिक वाहनों के कांच टूटे
पार्किंग में खड़े वाहनों को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी

जनोदय पंच। जुलवानिया थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरी में आयोजित संत सिंगाजी मेले में मंगलवार देर रात अज्ञात लोगों ने श्रद्धालुओं के वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। पत्थर मारकर 10 से अधिक वाहनों के फ्रंट ग्लास तोड़ दिए गए। घटना से वाहन मालिकों को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। श्रद्धालुओं में नाराजगी है और मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
दर्शन कर लौटे तो टूटे मिले कांच
जानकारी के अनुसार, संत सिंगाजी मेले में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंगलवार शाम को भी कई लोगों ने अपने वाहन गांव के अंतिम छोर पर राजपुर की ओर खड़े किए थे। इसके बाद वे दर्शन करने और मेला घूमने चले गए।

रात करीब 10 बजे श्रद्धालु वापस लौटे तो कई वाहनों के फ्रंट ग्लास टूटे मिले। वाहनों पर पत्थर मारने के निशान भी थे। शुभम आवासे ने बताया कि वह मेला घूमने आए थे और उन्होंने अपना वाहन पार्किंग में खड़ा किया था। वापस लौटने पर वाहन के कांच टूटे मिले। एक वाहन मालिक ने बताया कि कांच टूटने से उसे 15 हजार रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। अन्य वाहन मालिकों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
डायल 112 पर दी सूचना, पुलिस ने जुटाई जानकारी
वाहनों में तोड़फोड़ की जानकारी मिलने के बाद वाहन मालिकों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद जुलवानिया थाने के पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। फिलहाल तोड़फोड़ करने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस घटना के कारणों का भी पता लगा रही है।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
संत सिंगाजी मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों में तोड़फोड़ की घटना से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मेले में आने वाले लोगों के वाहनों की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम होने चाहिए। ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इसका असर मेले में दुकानें लगाने वाले व्यापारियों के कारोबार पर भी पड़ने की आशंका है।



