इंदौर
इंदौर में आइसक्रीम पार्लर की आड़ में पटाखों का अवैध भंडारण, दो लाख के पटाखे जब्त
एरोड्रम पुलिस की कार्रवाई, दुकान संचालक सागर नवीन गिरफ्तार; विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस

जनोदय पंच। इंदौर में दीपावली के दौरान आइसक्रीम पार्लर की आड़ में अवैध पटाखों के भंडारण का मामला सामने आया है। सूचना पर एरोड्रम पुलिस ने 60 रोड स्थित दुकान पर दबिश देकर माचिस बम के 50 बोरे बरामद किए। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत दो लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है।
आइसक्रीम पार्लर में छिपाकर रखे थे पटाखे
एरोड्रम थाना प्रभारी मनोज सेंधवा के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि 60 रोड स्थित राधिका आइसक्रीम पार्लर की आड़ में अवैध पटाखों का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। इस दौरान दुकान के अंदर बड़े-बड़े कार्टूनों में रखे पैकेट बरामद हुए। इनमें माचिस बम भरे हुए थे। पुलिस के अनुसार, कुल 50 बोरे बरामद किए गए हैं।
सागर नवीन गिरफ्तार, दो लाख के पटाखे जब्त
पुलिस ने मौके से दुकान संचालक सागर नवीन (38), पिता राजेंद्र नवीन, निवासी पल्हर नगर, को गिरफ्तार किया। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत दो लाख रुपए से अधिक बताई गई है। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की है।मामले में पुलिस की पूछताछ जारी है। कार्रवाई एरोड्रम पुलिस द्वारा सूचना के आधार पर की गई।



