सेंधवा में सांदीपनि स्कूल की 12वीं की छात्रा का शव फंदे पर मिला, जांच के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई
पुराना एबी रोड स्थित आदर्श लॉज के पास किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही थी 16 वर्षीय ममता डुडवे, मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला

जनोदय पंच। सेंधवा में पुराना एबी रोड स्थित आदर्श लॉज के पास किराए के कमरे में रह रही 16 वर्षीय छात्रा का शव बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। छात्रा कक्षा 12वीं में पढ़ती थी। सूचना पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फॉरेंसिक जांच के बाद परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
किराए के कमरे में रहकर कर रही थी पढ़ाई
मृतक की पहचान ममता डुडवे के रूप में हुई है। वह सांदीपनि स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। ममता पिता कमल डुडवे, निवासी नकटीरानी, सेंधवा में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह पुराना एबी रोड स्थित आदर्श लॉज के पास किराए के कमरे में रहती थी।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे के अंदर छात्रा का शव फंदे पर लटका मिला। आसपास रहने वाले लोगों ने घटना की जानकारी शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की सूचना दी।पुलिस ने परिजनों की उपस्थिति में घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
फॉरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट होंगी परिस्थितियां
घटनास्थल का परीक्षण करने के लिए खरगोन से फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है। टीम के निरीक्षण के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



