मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत बड़वानी जिले के सिलावद और चिकल्या क्लस्टर में लगा शिविर, कुल 1240 आवेदन प्राप्त हुए

बड़वानी; जन विश्वास जनकल्याण की आधारशिला है।क्षेत्र भ्रमण निरीक्षण एवं जन संवाद के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण ,शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग एवं लोक सेवाओं का समय सीमा में प्रदाय के उद्देश्य से श्मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरश् का आयोजन विभिन्न ग्राम पंचायतों में किया जा रहा है। इसी क्रम में, बड़वानी विकास खंड के सिलावद और चिकला क्लस्टर की कुल 22 ग्राम पंचायतों में इन शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
अभियान के प्रथम चरण में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायतों में विभिन्न नोडल अधिकारियों और उनकी टीमों ने शिविर लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया। इसके पश्चात, अभियान के द्वितीय चरण में शासकीय हाईस्कूल चिकला में कलेक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रथम चरण में किए गए कार्यों की समीक्षा और मूल्यांकन किया गया।

आज जिले की इन 22 ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों के दौरान कुल 1240 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1102 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष बचे हुए आवेदनों का उचित परीक्षण और मौका मुआयना कर उन्हें एक दिवस के भीतर निराकृत करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इस महत्वपूर्ण अवसर पर बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



