खरगोन पुलिस ने शेयर मार्केट ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश
शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर डमी एप्लीकेशन से कराते थे ट्रेडिंग, गुजरात से तीन आरोपी गिरफ्तार

खरगोन। दिनेश गीते। शेयर मार्केट में निवेश के जरिए भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बड़वाह पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार कर ठगी से अर्जित 10 लाख 95 हजार 157 रुपये बरामद किए हैं।
व्हाट्सएप से संपर्क कर देते थे मुनाफे का लालच
बड़वाह पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले फरियादी से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया था। इसके बाद शेयर मार्केट में निवेश करने के नाम पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने डमी एप्लीकेशन के माध्यम से शेयर ट्रेडिंग कराकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
गुजरात से तीन अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन शातिर अंतरराज्यीय आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लोगों से धोखाधड़ी कर अर्जित किए गए 10 लाख 95 हजार 157 रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में संजय भी शामिल है।
संजय पर हरियाणा में भी धोखाधड़ी का मामला
गिरफ्तार आरोपी संजय के खिलाफ साइबर क्राइम वेस्ट गुरुग्राम, हरियाणा में भी धोखाधड़ी का अपराध दर्ज है। पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों से जुड़ी जानकारी और ठगी की वारदात को लेकर कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील
खरगोन पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के लिए SEBI के अधीन पंजीकृत संस्थानों से ही ट्रेडिंग करें।



