बड़वानी में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
– कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी

बड़वानी: 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) के प्रांगण में मुख्य समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत व राष्ट्रगान के पश्चात मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और शांति के प्रतीक गुब्बारे आसमान में छोड़े। ध्वजारोहण के उपरांत कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह तथा पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया।

अनुशासित मार्च-पास्ट ने दिखाया शौर्य और तालमेल
समारोह में डीएसपी श्री चेतन बघेल के नेतृत्व तथा रक्षित निरीक्षक श्रीमती उषा सिसोदिया के सेकंड-इन-कमांड में भव्य मार्च-पास्ट निकाला गया। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुन पर जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल (15वीं बटालियन – C कंपनी, इंदौर), नगर सैनिक, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की टुकड़ियों ने अनुशासित कदमताल करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी ‘विविधता में एकता’
परेड के पश्चात स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र-छात्राओं ने संगीत और नृत्य के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और एकता का जीवंत संदेश दिया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से सराहा। इस अवसर पर प्रशासनिक-पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




