बड़वानी आदर्श महाविद्यालय में युवाओं से सामाजिक दायित्व निभाने का आह्वान, जनभागीदारी पर दिया जोर
वार्षिक परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी, जल संरक्षण और कॉलेज चलो अभियान से जुड़ने का संदेश दिया गया

जनोदय पंच। ग्राम करी स्थित शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में आयोजित वार्षिक परीक्षाओं के दौरान प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने विद्यार्थियों से सामाजिक दायित्व निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को जनभागीदारी, जल संवर्धन, सामाजिक एकता और मंदिर-आश्रमों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
युवाओं की भूमिका पर दिया जोर
ग्राम करी स्थित शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में वर्तमान में माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल की वार्षिक परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने परीक्षार्थियों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में सुशासन को सुदृढ़ बनाने के लिए युवाओं को समाज और युवाओं के हित में संचालित योजनाओं में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन कल्याणकारी राज्य के रूप में कार्य कर रहा है, लेकिन जनभागीदारी के बिना किसी भी योजना का सफल होना संभव नहीं है।

जल संवर्धन और सामाजिक एकता का संदेश
डॉ. प्रमोद पंडित ने विद्यार्थियों से सामाजिक-सांस्कृतिक एकता और दृढ़ता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने आस्था केंद्र मंदिर और आश्रमों के संरक्षण के लिए तत्पर रहना चाहिए। साथ ही जल संवर्धन जैसी आवश्यक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर आमजन को जागरूक करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की।
कॉलेज चलो अभियान में विद्यार्थियों से सहयोग की अपील
महाविद्यालय में संचालित कॉलेज चलो अभियान के प्रभारी डॉक्टर अनिल पाटीदार ने विद्यार्थियों से अपने ग्राम, कस्बे और शहर में 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को ग्राम करी में संचालित आदर्श महाविद्यालय की जानकारी देने और प्रवेश के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में शैक्षणिक एवं परा शैक्षणिक गतिविधियों की उच्चतम सुविधाएं उपलब्ध हैं।



