श्योपुर व्यापारी आत्महत्या मामले पर सेंधवा में आक्रोश, अग्रवाल समाज ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
सेंधवा में अग्रवाल समाज का प्रदर्शन, श्योपुर व्यापारी देवेंद्र गोयल आत्महत्या मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

जनोदय पंच। श्योपुर निवासी बुजुर्ग व्यापारी देवेंद्र गोयल की जनसुनवाई के दौरान आत्महत्या की घटना के विरोध में अग्रवाल समाज सेंधवा ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम तहसीलदार राहुल सोलंकी को ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने प्रशासनिक संवेदनहीनता बताते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय देने की मांग की।
प्रशासनिक उपेक्षा पर जताया आक्रोश
सेंधवा में अग्रवाल समाज ने श्योपुर जिले में हुई बुजुर्ग व्यापारी देवेंद्र गोयल की आत्महत्या की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। समाजजनों ने बताया कि देवेंद्र गोयल अपनी पैतृक दुकान से अवैध कब्जा हटवाने के लिए 87 दिनों से प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। लगातार गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से आहत होकर उन्होंने जनसुनवाई के दौरान कलेक्टरेट परिसर में सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। समाज ने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
सुनील अग्रवाल व हेमंत गर्ग ने कहा कि यह घटना आम नागरिकों की पीड़ा के प्रति प्रशासनिक संवेदनहीनता और न्याय व्यवस्था में घटते विश्वास का गंभीर उदाहरण है। समाज अध्यक्ष राजेंद्र नरेडी, कैलाश एरन और गिरधारी गोयल ने मुख्यमंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों व संबंधित व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। श्यामसुंदर तायल और संजय गोयल ने जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने की आवश्यकता बताई।
श्रद्धांजलि अर्पित कर न्याय की मांग
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज अध्यक्ष राजेंद्र नरेडी, सचिव संजय गोयल, कैलाश एरन, सुनील अग्रवाल, गिरधारी गोयल, श्यामसुंदर तायल, शैलेंद्र अग्रवाल और नितेश अग्रवाल उपस्थित रहे। समाजजनों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अग्रवाल समाज सेंधवा ने शासन से मामले में गंभीरता से कदम उठाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।



