मुख्य खबरेभोपालमध्यप्रदेश

भोपाल समेत मध्य प्रदेश में मानसून की आहट तेज, 20 जून से पहले एंट्री के संकेत,

प्रदेश में अगले चार दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना, कई जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट।

जनोदय पंच। मध्य प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है, जबकि तापमान भी बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं 9 और 10 जून को कुछ जिलों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। केरल के रास्ते देश में प्रवेश कर चुका मानसून अब कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा तक पहुंच गया है तथा जल्द महाराष्ट्र में भी दस्तक दे सकता है। इसी के चलते प्रदेश में मानसून की एंट्री 20 जून से पहले होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि 9 और 10 जून को उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हीटवेव का असर भी देखने को मिल सकता है।

35 जिलों में अलर्ट, 60 किमी प्रतिघंटा तक चल सकती हैं हवाएं

पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में तेज आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है। नर्मदापुरम, सिवनी, सीहोर और खरगोन सहित कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ और टीनशेड गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। IMD (मौसम केंद्र) ने रविवार को भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा सहित करीब 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

तापमान में बढ़ोतरी, नौगांव सबसे गर्म

आंधी और बारिश के बावजूद शनिवार को कई जिलों में गर्मी का असर बना रहा। नौगांव में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सागर में 41.5 डिग्री, दतिया में 41.4 डिग्री, खजुराहो और दमोह में 41 डिग्री, गुना में 40.6 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री तथा खरगोन में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। वहीं राजगढ़, टीकमगढ़ और मंडला में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रमुख शहरों में ग्वालियर का तापमान 40.4 डिग्री, जबलपुर का 40.1 डिग्री, भोपाल का 38.8 डिग्री, उज्जैन का 38 डिग्री और इंदौर का 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!