सेंधवामुख्य खबरे

सेंधवा के ग्राम पाडछा में पुलिस की दबिश, 2.54 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद

मुखबिर की सूचना पर चाचरिया चौकी पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र में चाचरिया चौकी पुलिस ने ग्राम पाडछा में छापामार कार्रवाई कर 42 पेटी अवैध देशी और विदेशी शराब जब्त की। पुलिस ने 378 लीटर शराब बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्यविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना सेंधवा ग्रामीण के थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश चंगोडे के नेतृत्व में चौकी चाचरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने एक मकान में अवैध रूप से भंडारित 42 पेटी देशी एवं विदेशी शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 54 हजार रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश

पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पाडछा के नवाड फलिया निवासी जालम पिता सरदार के मकान में उसके रिश्तेदार नानसिग पिता कुवरसिग द्वारा भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सउनि केशव यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दबिश के दौरान एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मकान की तलाशी ली, जिसमें 32 पेटी गोवा व्हिस्की (288 बल्क लीटर) तथा 10 पेटी देशी दुबारा प्लेन शराब (90 लीटर) बरामद हुई। कुल 42 पेटी यानी 378 लीटर शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में निरीक्षक ओमप्रकाश चंगोडे, सउनि केशव यादव, सउनि राकेश मंडलोई, प्र.आर. 58 सुनील महाजन, आरक्षक 664 सचिन बुंदेला, प्र.आर. रामकिशोर प्रजापति, आरक्षक 372 लोकेश मंडलोई, आरक्षक 160 नीरज शर्मा, आरक्षक पंकज पुरोहित, आरक्षक विनोद पाटीदार तथा महिला आरक्षक 562 सुरभि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!