मुख्य खबरेखेल जगतमध्यप्रदेशसेंधवा

सेंधवा में पहली बार निमाड़ मालवा प्रीमियम लीग का आयोजन, सात जिलों के खिलाड़ी डे-नाइट मुकाबलों में दिखाएंगे दम

240 खिलाड़ी और 16 टीमें लेंगी भाग, ऑक्शन में खिलाड़ियों पर लगी बोली, यूट्यूब पर होगा लाइव प्रसारण

सेंधवा में निमाड़ मालवा प्रीमियम लीग के आयोजन से क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। सात जिलों के 240 खिलाड़ी 16 टीमों के साथ डे-नाइट मुकाबलों में हिस्सा लेंगे, जिसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।


सेंधवा में क्रिकेट प्रेमियों के लिए इस बार गर्मी का मौसम और भी रोमांचक होने वाला है। Indian Premier League की तर्ज पर निमाड़ मालवा प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन जय मातादी मित्र मंडल गोई एवं सन्नी स्पॉट्स के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट में मध्यप्रदेश के 7 जिलों के 240 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जबकि कुल 16 टीमें मैदान में उतरेंगी।

सात जिलों के खिलाड़ियों की भागीदारी

आयोजकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस टूर्नामेंट में खंडवा, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 300 से अधिक खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 240 खिलाड़ियों का चयन किया गया।

खिलाड़ियों का ऑक्शन

गुरुवार को सत्यम स्पिनिंग फैक्ट्री में खिलाड़ियों का ऑक्शन आयोजित किया गया, जिसमें 16 टीमों के मालिकों ने बोली लगाकर अपनी टीम तैयार की। इस दौरान अयूब खान, व्यंकटेश, मोहिउद्दीन पठान, कुलदीप केडी, ध्रुव सिकलवाल, प्रफुल्ल गोल्डी जैसे खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगी। अन्य खिलाड़ियों को भी 5000 से अधिक की बेस प्राइस में टीमों ने खरीदा। निमाड़ मालवा प्रीमियम लीग ट्रॉफी का आवरण समाज सेवी संजय यादव, पूर्व नपा उपाध्यक्ष छोटू चौधरी और एल्डरमैन सुनील अग्रवाल ने किया।

आयोजकों के विचार

समाजसेवी संजय यादव ने कहा कि यह टूर्नामेंट क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बेहतरीन मंच साबित होगा, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस तरह के आयोजन से खेल भावना को बढ़ावा मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।
पूर्व नपा उपाध्यक्ष छोटू चौधरी ने बताया कि निमाड़ मालवा प्रीमियम लीग का आयोजन सेंधवा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर किया जा रहा है, जिसमें 7 जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को निखारने का बड़ा मंच होता है।

मुकाबलों का कार्यक्रम

टूर्नामेंट का शुभारंभ 11 मई से होगा और फाइनल मुकाबला 15 मई को खेला जाएगा। सभी मैच डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। सभी मुकाबले ग्राम गोई के दशहरा मैदान में आयोजित होंगे।

पुरस्कार और विशेषताएं

टूर्नामेंट के विजेता को ट्रॉफी के साथ 1,51,000 रुपये की नगद राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 75,000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। सभी मैचों का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल “एमजीसी लाइव” पर किया जाएगा और मैचों में रिव्यू सिस्टम की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

आयोजन को लेकर उत्साह

हर मैच में तीन अंपायर होंगे, जिन्हें मुंबई से बुलाया जा रहा है। सभी 16 टीमें अलग-अलग रंगों की यूनिफॉर्म में नजर आएंगी। इस आयोजन को लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। यह टूर्नामेंट स्थानीय खिलाड़ियों को मंच देने के साथ सेंधवा को खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में नई पहचान देगा

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!