पश्चिम बंगाल नॉर्थ 24 परगना में शुभेंदु अधिकारी के PA की सरेआम गोली मारकर हत्या, देर रात हमले से मचा हड़कंप
बाइक सवार हमलावरों ने जेस्सोर रोड पर गाड़ी घेरकर की फायरिंग, ड्राइवर समेत तीन घायल, जांच जारी

जनोदय पंच। पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जेस्सोर रोड पर हमलावरों ने गाड़ी घेरकर फायरिंग की। घटना में ड्राइवर समेत तीन लोग घायल हुए, पुलिस जांच जारी है।
पूरा घटनाक्रम
पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम क्षेत्र में बुधवार रात करीब 11.30 बजे भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, रथ स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे, तभी जेस्सोर रोड के दोहारिया इलाके के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। 4 से 5 राउंड फायरिंग में गोलियां उनके सीने और सिर में लगीं।
अस्पताल में मौत, अन्य घायल
घटना के बाद चंद्रनाथ रथ को तुरंत पास के नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में ड्राइवर समेत तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही सुवेंदु अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जांच और राजनीतिक एंगल
बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ पिछले 5 वर्षों से सुवेंदु अधिकारी के साथ जुड़े थे और हाल के चुनावों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश जारी है। घटना को राजनीतिक एंगल से भी जोड़कर देखा जा रहा है।



