मध्यप्रदेशभोपालमुख्य खबरे
कोलकाता में बदली सियासी हवा, रुझानों में बीजेपी बहुमत पार, मोहन यादव के प्रचार वाली सीटों पर बढ़त
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी, कई प्रमुख सीटों पर भाजपा प्रत्याशी बढ़त में


पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के लिए मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी आगे नजर आ रही है और बहुमत का आंकड़ा पार करती दिख रही है। इस चुनाव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी कई सीटों पर प्रचार किया था, जिन पर अब भाजपा को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है।
प्रमुख सीटों पर स्थिति
कोलकाता जिले की कमरहाटी सीट से बीजेपी प्रत्याशी अरुप चौधरी आगे चल रहे हैं, जहां टीएमसी उम्मीदवार मदन मित्रा मुकाबले में हैं। मेदिनीपुर जिले की खड़गपुर सदर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिलीप घोष बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि टीएमसी उम्मीदवार प्रदीप सरकार पीछे हैं। बांकुरा विधानसभा सीट से भाजपा कैंडिडेट नीलाद्रि शेखर दाना आगे चल रहे हैं। यहां टीएमसी उम्मीदवार डॉ. अनूप मंडल, कांग्रेस से अरूप बनर्जी और CPI-M से अवोयानंद मुखोपाध्याय चुनाव मैदान में हैं।
नेताओं के बयान और राजनीतिक संकेत
एमपी कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि वेस्ट बंगाल, असम और तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन काफी अच्छा रहने वाला है। उनके मुताबिक एग्जिट पोल भी यही संकेत दे रहे हैं कि बंगाल में अब दीदी युग समाप्त होने जा रहा है और जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनाने के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि असम में बीजेपी सरकार बनाएगी और बंगाल में भी प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।