सेंधवा में निवाली रोड जाम से परेशानी, आंशिक बायपास पर उठे सवाल, 9 किमी पूर्ण रिंग रोड की मांग
निवाली रोड जाम से राहत के लिए पूर्ण बायपास निर्माण की मांग, केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की अपील

जनोदय पंच. सेंधवा में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को लेकर पूर्ण रिंग रोड निर्माण की मांग उठी है। जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से हस्तक्षेप की अपील की है, ताकि शहर को स्थायी समाधान मिल सके।
सेंधवा नगर के प्रमुख मार्ग निवाली रोड और मौसम चौराहे पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने स्थायी समाधान की मांग तेज कर दी है।
रिंग रोड को लेकर उठी मांग
भाजपा प्रवक्ता सुनील अग्रवाल और नगर पालिका पार्षद छोटू चौधरी ने अजजा आयोग राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य से उनके निवास पर मुलाकात कर पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से पूर्ण रिंग रोड या बायपास मार्ग की स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया गया।
आंशिक बायपास पर जताई आपत्ति
पत्र में बताया गया कि सेंधवा-खेतिया स्टेट हाईवे से गुजरने वाला भारी यातायात नगर के भीतर से होकर निकलता है, जिससे निवाली रोड पर दबाव बढ़ता है। पूर्व में 9 किलोमीटर लंबा बायपास प्रस्तावित था, लेकिन वर्तमान में केवल लगभग 3.5 किलोमीटर का आंशिक बायपास स्वीकृत किया गया है, जिससे समस्या का पूर्ण समाधान संभव नहीं है।

पूर्ण रिंग रोड ही समाधान
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि छोटा बायपास केवल आंशिक राहत देगा, जबकि सेंधवा कुशलगढ़ हाईवे और बड़वानी-पलसूद मार्ग का यातायात शहर से ही गुजरेगा। ऐसे में ट्रैफिक दबाव में अपेक्षित कमी नहीं आएगी और निवाली रोड की स्थिति यथावत बनी रहेगी।
केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की मांग
अंतरसिंह आर्य को मास्टर प्लान और स्वीकृत योजना की जानकारी दी गई। उन्होंने माना कि निवाली रोड पर यातायात का दबाव अधिक है और पूर्ण रिंग रोड ही उपयुक्त समाधान है। उन्होंने अपने पीए को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों की उम्मीद
जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि 9 किलोमीटर पूर्ण रिंग रोड को स्वीकृति मिलने से शहर को जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी। इस दौरान पार्षद गणेश राठौड़ और अमित आर्य भी मौजूद रहे।



