सेंधवा में ऑटो चालकों की बैठक, यातायात नियमों के पालन और अनुशासित संचालन के दिए निर्देश
शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से आयोजित हुई ऑटो संचालकों की बैठक

जनोदय पंच। सेंधवा शहर थाना पुलिस ने ऑटो रिक्शा चालकों की बैठक आयोजित कर यातायात नियमों, सुरक्षा मानकों और अनुशासित संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में वाहन नंबरिंग, दस्तावेज, ड्रेस कोड, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षित तरीके से सवारी बैठाने-उतारने की समझाइश दी गई।
यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर आयोजित हुई बैठक
जिला बड़वानी में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना सेंधवा शहर पुलिस द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से ऑटो रिक्शा संचालकों की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी सेंधवा शहर दिनेश सिंह कुशवाह ने बैठक में ऑटो चालकों को यातायात नियमों, सुरक्षा मानकों एवं अनुशासित संचालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नंबरिंग, दस्तावेज और ड्रेस कोड पर दिए निर्देश
बैठक में थाना द्वारा जारी विशिष्ट नंबर को ऑटो रिक्शा के आगे एवं पीछे निर्धारित स्थान पर स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य बताया गया। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत ऑटो के सामने चालक का नाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने और वाहन से संबंधित वैध दस्तावेज जैसे आरसी, बीमा, परमिट एवं ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने की समझाइश भी दी गई।
पार्किंग और सवारी बैठाने को लेकर समझाइश
थाना सेंधवा शहर पुलिस ने ऑटो स्टैंड पर वाहनों को लाइन से खड़ा करने के निर्देश दिए ताकि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। ऑटो चालकों को बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने या उतारने से बचने तथा सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकने की हिदायत दी गई। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



