खरगोन-बड़वानीमुख्य खबरे

बड़वानी में एसपी शुक्ल के “मिशन 3D” का असर, सादगीपूर्ण विवाह ने तोड़ी कुरीतियों की परंपरा, पुलिस ने किया सम्मान

थाना पाटी क्षेत्र में सामाजिक कार्यकर्ता हरसिंह जमरे ने “मिशन 3D” के तहत सादगीपूर्ण विवाह कर पेश की मिसाल

रमन बोरखड़े। बड़वानी। बड़वानी जिले में “मिशन 3D” के तहत एक परिवार द्वारा सादगीपूर्ण विवाह कर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सकारात्मक पहल की गई। इस प्रयास से प्रेरित होकर पुलिस विभाग ने परिवार का सम्मान किया, जिससे समाज में सादगीपूर्ण और कुरीतिमुक्त विवाह को बढ़ावा मिला।


🔷 मिशन 3D का सकारात्मक प्रभाव

बड़वानी। पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित “मिशन 3D” (दहेज, दारू, डीजे मुक्त अभियान) के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। थाना पाटी अंतर्गत ग्राम सावरियापानी में एक परिवार ने सादगीपूर्ण एवं कुरीतिमुक्त विवाह संपन्न कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।


🔷 कुरीतियों को त्यागकर पेश की मिसाल

ग्राम सावरियापानी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता हरसिंह जमरे ने दिनांक 05.04.2026 को थाना पाटी क्षेत्र के ग्राम सागबारा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम से प्रेरणा लेते हुए अपनी पुत्री का विवाह “मिशन 3D” के सिद्धांतों के अनुरूप संपन्न किया। उन्होंने दहेज प्रथा का पूर्णतः त्याग किया, शादी को पूर्णतः नशामुक्त रखा तथा डीजे का उपयोग नहीं कर ध्वनि प्रदूषण एवं फिजूलखर्ची से बचाव किया। इस पहल ने समाज में सकारात्मक संदेश दिया।


🔷 पुलिस द्वारा सम्मानित किया गया परिवार

इस कार्य की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी/डीएसपी (मुख्यालय) महेश सुनैया, थाना प्रभारी पाटी उनि रामदास यादव एवं थाना पाटी तथा चौकी बोकराटा पुलिस स्टाफ ग्राम सावरियापानी पहुंचे। जहां हरसिंह जमरे एवं उनके परिवार का पुष्पमाला, शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया।


🔷 अभियान का उद्देश्य

“मिशन 3D” का उद्देश्य समाज में दहेज प्रथा, नशे की प्रवृत्ति एवं अनावश्यक खर्च जैसी कुरीतियों को समाप्त कर परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। इस अभियान के माध्यम से विवाह आयोजनों को सरल, सादगीपूर्ण एवं कुरीतिमुक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है।


🔷 पुलिस की अपील

बड़वानी पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे भी हरसिंह जमरे की तरह इस मुहिम से जुड़ें और दहेज, दारू एवं डीजे मुक्त विवाह अपनाकर जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।


 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!