सेंधवा महाविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की पहली मेरिट सूची जारी
विद्यार्थियों को ऑनलाइन शुल्क जमा कर प्रवेश रसीद सुरक्षित रखने के निर्देश

सेंधवा, जनोदय पंच। मप्र उच्च शिक्षा विभाग भोपाल द्वारा महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की प्रथम चरण की मेरिट सूची जारी कर दी गई है। वीर बलिदानी खाज्या नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेंधवा में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए चयनित विद्यार्थियों की सूची भी जारी हुई है।
स्नातक और स्नातकोत्तर की मेरिट सूची जारी
महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर कुल 1030 रिक्त सीटों के विरुद्ध 280 विद्यार्थियों की मेरिट सूची जारी की गई है। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर कुल 780 सीटों के विरुद्ध 110 विद्यार्थियों के नाम मेरिट सूची में शामिल किए गए हैं। जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट सूची में शामिल है, उन्हें 26 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करना होगा।
विद्यार्थियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
प्रवेश शुल्क भरते समय स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को माइनर विषय, एमबीसी (मल्टिडिसिप्लीनरी), व्यवसायिक पाठ्यक्रम तथा फील्ड प्रोजेक्ट अथवा इंटर्नशिप का चयन भी करना होगा। महाविद्यालय प्रशासन ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से ऑनलाइन शुल्क जमा करने के बाद प्रवेश रसीद एवं अलॉटमेंट पत्र सुरक्षित रखने की अपील की है। यह जानकारी प्रवेश प्रभारी डॉ. किशोर सोलंकी ने दी।



