सेंधवा में गुरु मां के जन्मदिन पर जरूरतमंद छात्रों के लिए भेंट की किताबें और नोटबुक्स
हम साइकिल वाले ग्रुप के पुस्तक संग्रहण अभियान में परिवार ने अनोखी पहल करते हुए शैक्षणिक सामग्री की भेंट दी।

सेंधवा। हम साइकिल वाले ग्रुप द्वारा चलाए जा रहे पुस्तक संग्रहण एवं वितरण अभियान के तहत एक अनोखी और रचनात्मक पहल देखने को मिली। सेंधवा के जवाहर गंज निवासी राजेश शर्मा के पुत्र चंदर शर्मा अपनी माता के साथ गुरु मां के जन्मदिन के अवसर पर ग्रुप को 40 नोटबुक्स, लंच बॉक्स, पानी की बोतलें और पुस्तकें भेंट करने पहुंचे, ताकि यह सामग्री जरूरतमंद छात्रों तक पहुंचाई जा सके।
ज्ञात हो कि करीब दो सप्ताह पूर्व ग्रुप द्वारा पुस्तक संग्रहण के लिए एक विशेष शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें शहरवासियों ने लगभग 3000 पुस्तकें उपलब्ध कराई थीं। शिविर के दौरान जरूरतमंद छात्रों एवं पाठकों को कई पुस्तकें तत्काल वितरित भी की गईं। इन पुस्तकों में स्कूली पाठ्यक्रम के साथ कॉलेज, व्यावसायिक परीक्षाओं, मेडिकल, डेंटल, सीए, एमबीए और बीएससी जैसे कोर्स की पुस्तकें भी शामिल थीं।

इसके बाद भी ग्रुप द्वारा एक अन्य पुस्तक वितरण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें करीब 50 छात्र-छात्राओं को पुस्तकें वितरित की गईं। पुस्तक संग्रहण एवं वितरण का यह अभियान लगातार जारी है और जानकारी मिलने पर लोग अभी भी पुस्तकें उपलब्ध करा रहे हैं।
ग्रुप के अखिलेश मंडलोई एवं विजय अग्रवाल ने बताया कि इस तरह के सकारात्मक आयोजन शिक्षा और सुविचारों के प्रसार के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक हैं। ग्रुप ने लोगों से अपील की है कि जिन्हें भी पुस्तकों की आवश्यकता हो, वे संपर्क कर उपलब्ध पुस्तकों में से अपने लिए पुस्तकें प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान ग्रुप के अन्य साथी भी उपस्थित रहे।



