सेंधवा में प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना शिविर, 82 असंगठित श्रमिकों का हुआ पंजीयन और बीमा
प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के तहत असंगठित श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा देने पर जोर।

जनोदय पंच। सेंधवा नगर पालिका परिषद द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना अंतर्गत विशेष पंजीयन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 82 असंगठित श्रमिकों का पंजीयन कर बीमा कराया गया। बड़ी संख्या में हितग्राही योजना का लाभ लेने पहुंचे। योजना के माध्यम से श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु के बाद मासिक पेंशन का लाभ मिलेगा।
श्रमिकों का किया गया पंजीयन
सेंधवा नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित शिविर में घर आधारित श्रमिक, सड़क विक्रेता, मध्यान्ह भोजन कर्मी, हेड लोडर, ईंट भट्टा श्रमिक, मोची, कूड़ा बीनने वाले, घरेलू कामगार, रिक्शा चालक, भूमिहीन मजदूर, कृषि श्रमिक, निर्माण श्रमिक, बीड़ी श्रमिक, हथकरघा एवं चमड़ा श्रमिक सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीयन किया गया। पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने के साथ पंजीयन एवं बीमा प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
योजना से आर्थिक सुरक्षा का प्रयास
मुख्य नगर पालिका अधिकारी मधु चौधरी ने कहा कि योजना का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। नगर पालिका अध्यक्ष बसंती बाई यादव ने कहा कि श्रमिक देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और यह योजना उन्हें सुरक्षा प्रदान करेगी। नगर पालिका परिषद ने पात्र श्रमिकों से कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ लेने की अपील की है।



