पानसेमल के दौंदवाड़ा में ब्रिज निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, विधायक ने जताई सख्त नाराजगी
मालकातर मार्ग पर निर्माणाधीन ब्रिज कार्य में देरी और लापरवाही को लेकर ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष रखी शिकायत।

जनोदय पंच। पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम बरडे ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत दौंदवाड़ा में निर्माणाधीन ब्रिज की गुणवत्ता और धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने दो वर्षों से अधूरे पड़े कार्य और बारिश में संभावित परेशानी को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
ब्रिज निर्माण में देरी पर नाराजगी
पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम बरडे ग्राम पंचायत दौंदवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने मालकातर मार्ग पर निर्माणाधीन ब्रिज का निरीक्षण किया। यह मार्ग मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लगभग दो वर्षों से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया। वर्षा ऋतु नजदीक होने के बावजूद निर्माण स्थल पर कार्य बंद पड़ा है। ग्रामीणों ने बारिश के दौरान नदी में बाढ़ आने और दुर्घटना की आशंका भी जताई।

अधिकारियों को दिए निर्देश
विधायक श्याम बरडे ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को निम्न स्तर का बताते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। विधायक ने वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ नेता मनोहर पटेल, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत महाजन, जनपद सदस्य किशोर बारूडे, मंडल महामंत्री प्रकाश जोशी, सरपंच रामलाल भाई, जालम सिंह, भारत भाई, अनिल भाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



