सेंधवा; लालकिराड़ी में जल संकट गहराया, ग्रामीणों ने नल जल योजना शुरू कराने की मांग उठाई, आंदोलन की दी चेतावनी
ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देकर जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन और जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की

जनोदय पंच। सेंधवा। वरला तहसील की पंचायत सोलवन के ग्राम लालकिराड़ी के ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में तहसीलदार सुधीर शर्मा को ज्ञापन सौंपकर जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजना शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अब तक पाइपलाइन और बोरिंग नहीं हुई है, जिससे लोग वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे हैं।
वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत सोलवन में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 70 प्रतिशत घरों तक पानी पहुंच चुका है, लेकिन ग्राम लालकिराड़ी में अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई और न ही बोरिंग की गई है। भारत आदिवासी पार्टी जिला प्रवक्ता मगन जमरे ने बताया कि ग्रामीण बैलगाड़ी, मोटरसाइकिल और सिर पर पानी ढोकर दो से तीन किलोमीटर दूर कुओं से पानी ला रहे हैं। गांव के प्राथमिक स्कूल में करीब 50 छात्र अध्ययनरत हैं, लेकिन वहां भी पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। ग्रामीण वर्षों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।
आंदोलन की दी चेतावनी
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी संबंधित विभाग से हैंडपंप और बोरिंग की मांग की गई थी, लेकिन अब तक जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र नल जल योजना शुरू नहीं की गई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मगन जमरे, शानू आर्य, राहुल जमरे, सदु सेनानी, सुनिल डावर, गणेश सोलंकी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।



