बड़वानी में पेसा मोबिलाइजर कर्मचारियों का प्रदर्शन, सेवा समाप्ति आदेश निरस्त करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारी बच्चों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। सात दिन में बहाली नहीं होने पर भोपाल में आंदोलन और धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।

बड़वानी, जनोदय पंच। बड़वानी कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम पंचायत पेसा मोबिलाइजर कर्मचारियों ने सेवा समाप्ति के आदेश को निरस्त करने संबंधी ज्ञापन सौंपा। पेसा कानून और सरकार की विभिन्न योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित करने वाले पेसा मोबिलाइजरों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पांच वर्ष तक सेवा लेने के बाद 18 मई 2026 को पत्र जारी कर अचानक सेवा समाप्ति का आदेश दे दिया। इससे कर्मचारियों में आक्रोश देखा जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे 4000 रुपये की नौकरी से ही अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे और अब अचानक बेरोजगार हो गए हैं।
बच्चों के साथ सड़कों पर उतरे कर्मचारी
सेवा समाप्ति आदेश को निरस्त कराने के लिए प्रदेश संगठन के आह्वान पर भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले मोबिलाइजर कर्मचारी अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ कड़कती धूप में सड़कों पर उतरे। कर्मचारी अपनी नौकरी में पुनः बहाली की मांग कर रहे हैं। बड़वानी में लगभग 300 मोबिलाइजर कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बहाली की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सात दिवस के भीतर बहाली का आदेश जारी नहीं किया गया तो वे भोपाल पहुंचकर सीएम हाउस का घेराव करेंगे और धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन करेंगे।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष बलराम किराड़े, उपाध्यक्ष मुकेश चौहान, दासीराम सस्ते, रायमल बरड़े, राकेश भुगवाड़े, ताराचंद मेहरा, सुनील चौहान, जिला प्रवक्ता शांतिलाल नरगावे सहित सैकड़ों मोबिलाइजर उपस्थित रहे।



