नागलवाड़ी में दूसरे दिन भी नहीं मिला लापता ट्रैक्टर चालक, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों का सर्च अभियान रहा जारी
उफनते नाले में बहे ट्रैक्टर चालक की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने दिनभर चलाया संयुक्त अभियान।

अनिल मालवीय। नागलवाड़ी। क्षेत्र में एक दिन पूर्व उफनते नाले में बह गए ट्रैक्टर चालक बंसी पिता धूलिया की तलाश दूसरे दिन सोमवार को भी जारी रही। पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने दिनभर सर्च अभियान चलाया, लेकिन चालक का कोई सुराग नहीं मिल सका। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बता दे रविवार शाम को अत्यधिक बारिश के कारण उफनते नाले को पार करने के दौरान बहे ट्रैक्टर चालक की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही, लेकिन राहत एवं बचाव दल को शाम 4 बजे तक सफलता नहीं मिली। पुलिस और एमपी एनडीआरएफ की टीम ने दिनभर नाले तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया। इसके बावजूद लापता चालक का कोई पता नहीं चल सका।

नाले को पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को उफनते नाले को पार करते समय ट्रैक्टर तेज बहाव की चपेट में आ गया था। इस हादसे में चालक बंसी पिता धूलिया, निवासी पीपरखेड़ा पानी में बह गया। घटना के बाद से पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन दूसरे दिन भी कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
परिजनों की बढ़ी चिंता, प्रशासन ने बताई चुनौती
लगातार दूसरे दिन भी चालक का सुराग नहीं मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्य सुरक्षित तलाश की उम्मीद लगाए हुए हैं, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रशासन के अनुसार लगातार बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयाँ आ रही हैं। इसके बावजूद चालक की तलाश लगातार जारी है।
नागलवाड़ी थाने के एसआई कमलकिशोर चौहान ने बताया कि रविवार को तेज बहाव में ट्रेक्टर सहित चालक बह गया था। रात में अंधेरा होने के कारण तलाश नहीं हो सकी। सोमवार दोपहर से एनडीआरएफ की टीम चालक की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।



