बड़वानी जिले में रातभर चला मेगा कॉम्बिंग अभियान, 41 फरार अपराधी गिरफ्तार, वारंटियों और अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिलेभर में संयुक्त कार्रवाई, वारंटियों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर कसा शिकंजा।

जनोदय पंच। बड़वानी जिले में पुलिस ने रातभर मेगा कॉम्बिंग अभियान चलाकर 41 फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान वारंटियों, निगरानी बदमाशों और गुंडों की चेकिंग के साथ 198 लीटर अवैध शराब भी जब्त की गई तथा कई वैधानिक कार्रवाई की गई।
बड़वानी। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में 28-29 जून 2026 की दरमियानी रात पूरे जिले में व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारी और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से फरार अपराधियों, वारंटियों, निगरानी बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की।

41 फरार अपराधी गिरफ्तार, वारंट तामील
अभियान के दौरान 29 गिरफ्तारी वारंट और 12 स्थायी वारंट तामील कर कुल 41 फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 74 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई, जिनमें से 34 को डिजिटल बीट ऐप में दर्ज किया गया। 135 गुंडों की भी जांच की गई, जिनमें से 63 को डिजिटल बीट ऐप में पंजीबद्ध किया गया।

संपत्ति अपराधियों की निगरानी, अवैध शराब जब्त
पुलिस ने जेल से छूटे नकबजनी, लूट और डकैती जैसे अपराधों में संलिप्त चार आरोपियों की चेकिंग की। वहीं संपत्ति संबंधी तीन आरोपियों की गतिविधियों की जांच कर आवश्यक निगरानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। आबकारी अधिनियम के तहत 17 प्रकरण दर्ज करते हुए 198 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार 460 रुपये बताई गई।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी तथा आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना बड़वानी पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।



