खेतिया में विश्व फोटोग्राफी दिवस पर कैमरों का पूजन, वरिष्ठ फोटोग्राफर नंदलाल बडगूजर का सम्मान

खेतिया। शंकर सिरसाठ। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर मंगलवार को नगर खेतिया में फोटोग्राफर समुदाय ने एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया। नगर व ग्रामीण अंचल के सभी फोटोग्राफर गायत्री शक्तिपीठ परिसर में एकत्रित हुए, जहां उत्साह और एकता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी के विधि-विधान से पूजन के साथ हुई। इसके बाद फोटोग्राफरों ने अपने जीवन और रोजी-रोटी के आधार अपने कैमरों का पूजन किया। मान्यता है कि जिस औजार से हमें रोजगार मिलता है, उसका सम्मान करना ही सच्ची कला की पूजा है।
इसी क्रम में नगर के वरिष्ठ फोटोग्राफर श्री नंदलाल बडगूजर का पुष्पमाला पहनाकर विशेष स्वागत और सम्मान किया गया। सभी युवा फोटोग्राफरों ने उनसे आशीर्वाद लिया और उनके दशकों के अनुभव को सुना।

आज का दिन पूरे विश्व के लिए बेहद खास है। हर साल 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया जाता है। यह वही दिन है जब 1839 में फ्रांस सरकार ने दुनिया की पहली फोटोग्राफी प्रक्रिया ‘डॉगोरोटाइप’ का आविष्कार करने वाले वैज्ञानिक लुई डागुएरे और जोसेफ नीसफोर नीप्स के आविष्कार को दुनिया के लिए मुफ्त घोषित किया था। तभी से फोटोग्राफी को एक कला के रूप में सम्मान दिया जाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित फोटोग्राफरों ने कहा कि पहले रील वाले कैमरे से शुरू हुआ सफर आज डिजिटल और मोबाइल तक पहुंच गया है, लेकिन फोटोग्राफर की असली ताकत आज भी उसकी नजर ही है। एक तस्वीर हजार शब्दों से ज्यादा कह जाती है और इतिहास को हमेशा के लिए कैद कर लेती है।



