खेतिया; त्योहारों के मौसम में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, लिए खाद्य पदार्थों के नमूने

खेतिया से शंकर सिरसाठ। खेतिया। त्योहारों के मौसम को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने खेतिया शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। बड़वानी जिला कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री कीर्ति रावत ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रख-रखाव की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीके से रखने तथा प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कीर्ति रावत के अनुसार प्रकाश फूड्स से मैदा, पाव और ब्रेड के नमूने, दार्जिलिंग टी से चाय और गुड़ तथा अंशुल ट्रेडर्स से दलिया और तेल के नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निर्धारित होगी और रिपोर्ट के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने त्योहारों के दौरान मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।



